गोहर में आयोजित दूसरे मेगा स्वास्थ्य शिविर से चयनित 30 मरीजों के निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन संपन्न
नाचन जन कल्याण फाउंडेशन एवं भानू हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से गोहर में आयोजित दूसरे निःशुल्क मेगा नेत्र जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर से चयनित 30 मरीजों के आज भानू हॉस्पिटल में सफल निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन संपन्न हुए। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नाचन जन कल्याण फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में फाउंडेशन ने मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गोहर क्षेत्र से सभी चयनित मरीजों के लिए निःशुल्क आने-जाने की व्यवस्था भी की। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आर्थिक या परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण उपचार से वंचित न रह जाए।
इस मौके पर नाचन जन कल्याण फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार, वाइस चेयरमैन श्री बृज लाल चौहान, सचिव श्री राम सिंह चौहान, तथा भानू हॉस्पिटल की वाइस चेयरमैन डॉ. कुसुम भानू उपस्थित रहे। उनके साथ अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम, मेडिकल स्टाफ, फाउंडेशन के पदाधिकारी, स्वयंसेवक, मरीजों के परिजन एवं अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
